श्यामपुर पुलिस ने गंगा में कूदी महिला को सकुशल बचाकर परिजनों से मिलाया
मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला मथुरा से भटककर पहुंची थी हरिद्वार, सोशल मीडिया से हुई पहचान
श्यामपुर/ हरिद्वारश्यामपुर पुलिस ने तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए आत्महत्या का प्रयास करने वाली एक महिला की जान बचा ली। पुलिस ने महिला की काउंसलिंग, उपचार और सोशल मीडिया के माध्यम से पहचान कर उसे सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
5 नवंबर को नमामि गंगे घाट, चण्डीघाट पर एक अज्ञात महिला ने गंगा नदी में कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही श्यामपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से महिला को सकुशल रेस्क्यू कर चौकी पर लाया गया।
चौकी पर पुलिस द्वारा महिला की काउंसलिंग कर समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन महिला स्वयं को बचाए जाने से नाराजगी जाहिर करते हुए बार-बार आत्महत्या करने की बात कह रही थी। महिला मानसिक रूप से परेशान प्रतीत हो रही थी और अपना नाम-पता बताने से लगातार इनकार कर रही थी। श्यामपुर पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए महिला को भोजन कराया और अपने संरक्षण में लेकर प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। महिला की पहचान और परिजनों की तलाश के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया और आसपास के जनपदों में भी संपर्क किया गया।
पुलिस के अथक प्रयासों से महिला के परिजनों से संपर्क स्थापित हुआ। महिला के पति दलवीर सिंह निवासी ग्राम व पोस्ट भरतिया, थाना बलदेव, जनपद मथुरा, उत्तर प्रदेश ने बताया कि महिला का नाम रंजिता है, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ है और 4 नवंबर को बिना किसी को बताए घर से चली गई थी।
श्याम पुर कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया महिला की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे वन स्टॉप सेंटर, रानीपुर में सुरक्षित रखा गया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद महिला को सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
श्यामपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मानवीयसंवेदनशीलता और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से एक अनमोल जीवन बचाने के साथ ही बिछड़े परिवार को फिर से मिलाने में सफलता मिली है।
श्यामपुर पुलिस ने गंगा में कूदी महिला को सकुशल बचाकर परिजनों से मिलाया
`
`







