11वें दिन भी नहीं टूटा हौसला, ट्राईसाइकिल से धरने पर पहुंचीं सुषमा, महिलाओं ने उठाईं तख्ती।
लालढांग। रवासन नदी पर झूला पुल निर्माण की मांग को लेकर रसूलपुर में रवासन नदी किनारे चल रहा अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को 11वें दिन भी जारी रहा। धरने में महिलाओं की भागीदारी सबसे ज्यादा चर्चा में रही।
मंगलवार को हरिद्वार तहसीलदार सचिन कुमार और लोक निर्माण विभाग के SDO धरना स्थल पर ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठे और दस्तावेज दिखाकर प्रोजेक्ट की स्थिति साफ की। अधिकारियों ने बताया कि पुल की DPR तैयार कर शासन व मुख्यालय देहरादून भेजी जा चुकी है। जैसे ही वित्तीय स्वीकृति मिलेगी, निर्माण शुरू हो जाएगा। अधिकारियों ने ग्रामीणों से धरना समाप्त करने की अपील की।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में महिलाएं रवासन नदी पर झूला पुल का निर्माण करो लिखी तख्तियां लेकर डटी रहीं। धरने की सबसे भावुक तस्वीर 41 वर्षीय दिव्यांग सुषमा देवी की रही, जो ट्राईसाइकिल से धरना स्थल पर पहुंचीं और पूरे दिन धरने में बैठकर अपना समर्थन दिया। ग्रामीणों ने उनकी हौसले को सलाम किया।
हालांकि आश्वासन के बाद भी ग्रामीणों ने धरना खत्म करने से साफ इनकार कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक झूला पुल निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति नहीं मिल जाती और मौके पर काम शुरू नहीं होता, तब तक धरना जारी रहेगा।
धरना स्थल पर जिला पंचायत सदस्य बृजमोहन पोखरियाल, विनोद जोशी, दीपक जखमोला, पंकज चमोली, आलोक द्विवेदी, ग्राम प्रधान कमलेश द्विवेदी, कृपा राम कैरवाल, अरुण प्रसाद, राम किशोर सहित शोभा देवी, सुमन देवी, गीता देवी, टीना डबराल, सुमन लता, बसंती रयाल, लक्ष्मी देवी, शांति देवी, बिमला देवी, छोटी देवी, कमला देवी, कविता देवी, रजनी देवी आदि ग्रामीण मौजूद रहे।
रवासन नदी पर झूला पुल निर्माण की मांग 11वें दिन भी जारी
`
`

11वें दिन भी नहीं टूटा हौसला, ट्राईसाइकिल से धरने पर पहुंचीं सुषमा, महिलाओं ने उठाईं तख्ती।
