Home हरिद्वार न्यूज एनसीसी कैडेट्स ने चलाया ‘स्वच्छ हरिद्वार, सुंदर हरिद्वार’ अभियान

एनसीसी कैडेट्स ने चलाया ‘स्वच्छ हरिद्वार, सुंदर हरिद्वार’ अभियान

0
63
``

एनसीसी कैडेट्स ने चलाया ‘स्वच्छ हरिद्वार, सुंदर हरिद्वार’ अभियान

*हरिद्वार।*

विश्व प्रसिद्ध कांवड़ मेले के संपन्न होने के बाद जिला प्रशासन के ‘स्वच्छ हरिद्वार, सुंदर हरिद्वार’ अभियान के तहत सोमवार को एनसीसी कैडेट्स ने सफाई की कमान संभाली। मेले के दौरान बिखरे हजारों टन कूड़े से पर्यावरण को बचाने के लिए शिक्षा मंदिर तरुण हिमालय इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने वृहद सफाई अभियान चलाया।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा कैंतुरा के मार्गदर्शन में यह अभियान सिंह द्वार से प्रेम नगर आश्रम चौक, सतनाम साक्षी घाट और अग्रसेन घाट तक चलाया गया। पर्यावरण संरक्षण को देखते हुए कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स की बॉयज और गर्ल्स प्लाटून ने कांवड़ पटरी के किनारे मोर्चा संभाला।

कैडेट्स ने भारी मात्रा में बिखरी प्लास्टिक की पन्नियां, पॉलिथीन, रैपर, कपड़े व जूते-चप्पल एकत्र कर उनका सुरक्षित निस्तारण किया। युवाओं के इस जज्बे ने स्थानीय निवासियों और तीर्थयात्रियों को स्वच्छता का संदेश दिया।

अभियान के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य त्रिलोक चंद्र भट्ट ने कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया। एनसीसी प्रशिक्षक आशीष राजपूत और मनोज कुमार के नेतृत्व में कैडेट्स ने अनुशासन के साथ सेवा कार्य किया। जिला प्रशासन ने पर्यावरण संरक्षण में सहयोग के लिए विद्यालय प्रबंधन और एनसी कैडेट्स की सराहना की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!