Home हरिद्वार न्यूज पंचतत्व में विलीन हुईं सीएम योगी की मां, नम आंखों से दी...

पंचतत्व में विलीन हुईं सीएम योगी की मां, नम आंखों से दी अंतिम विदाई

0
18
``

 

पंचतत्व में विलीन हुईं सीएम योगी की मां, नम आंखों से दी अंतिम विदाई

हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अपनी मां सावित्री देवी को नम आंखों से अंतिम विदाई दी। हरिद्वार के चंडीघाट स्थित नमामि गंगे घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के बीच उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। छोटे पुत्र महेंद्र बिष्ट ने चिता को मुखाग्नि दी।

 

91 वर्षीय सावित्री देवी का शुक्रवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया था। वह लंबे समय से अस्वस्थ थीं। मां के निधन की सूचना मिलने पर योगी आदित्यनाथ शुक्रवार शाम पंचूर पहुंचे और पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर अंतिम दर्शन किए।

 

शनिवार सुबह पंचूर से हरिद्वार के लिए अंतिम यात्रा रवाना हुई। इस दौरान योगी ने मां की अर्थी को कंधा देकर अंतिम विदाई दी।

अंतिम संस्कार में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पहुंचे। उन्होंने सावित्री देवी के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की और योगी आदित्यनाथ तथा उनके परिजनों से मिलकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।

इस मौके पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक और गोरखपुर सांसद रवि किशन समेत कई प्रमुख जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

संत समाज की ओर से योगगुरु स्वामी रामदेव, पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी और परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती सहित अनेक संत-महात्मा अंतिम विदाई में शामिल हुए। आचार्य प्रमोद कृष्णम और महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरि ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।

 

अंत्येष्टि के मद्देनजर घाट और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा एवं यातायात के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर समेत प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी  मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!