श्याम पुर/ हरिद्वार। कोतवाली श्यामपुर में आज पुलिस महकमे में हलचल तेज रही। क्षेत्राधिकारी नगर हरिद्वार द्वारा वर्ष 2026 की प्रथम छमाही का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी और अवकाश पर गए कर्मियों को छोड़कर कोतवाली के समस्त अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
थाना परिसर पहुंचने पर पुलिस गार्द द्वारा क्षेत्राधिकारी महोदय को सलामी दी गई। इसके बाद उन्होंने जवानों के टर्नआउट, वर्दी और साजो-सामान का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

थाने के कोने-कोने का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान CO नगर ने थाना कार्यालय, CCTNS कक्ष, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, कर्मचारी बैरक, भोजनालय (मेस), आपदा उपकरण कक्ष और थाना परिसर में चल रहे आधुनिकीकरण कार्य का गहनता से निरीक्षण किया।
अभिलेखों और मालखाने की समीक्षा
थाना और CCTNS कार्यालय में रखे विभिन्न रजिस्टरों और अभिलेखों की जांच कर लंबित कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान सभी लंबित कार्यों का समयबद्ध और त्वरित निस्तारण करने तथा अभिलेखों को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए गए। मालखाने में रखे माल और संबंधित रजिस्टरों के उचित रखरखाव और अभिलेखीकरण के लिए थानाध्यक्ष को विशेष निर्देश दिए गए।

शस्त्र अभ्यास और स्वच्छता पर फोकस
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा शस्त्रों की हैंडलिंग, खोलने-बंद करने और सुरक्षित रखरखाव का अभ्यास भी कराया गया। जवानों को आपात स्थिति में तत्परता बनाए रखने की हिदायत दी गई।
वहीं थाना परिसर, हवालात, बैरक, महिला हेल्प डेस्क और मेस में साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाएं संतोषजनक पाई गईं।
अपराध नियंत्रण पर सख्त निर्देश

निरीक्षण के बाद आयोजित बैठक में CO नगर ने थानाध्यक्ष और समस्त स्टाफ को कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और अपराधियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।
सभी उपनिरीक्षक और अपर उपनिरीक्षकों को लंबित विवेचनाओं और प्रार्थना पत्रों का 60 से 90 दिवस के भीतर प्राथमिकता पर निस्तारण करने को कहा गया। आगामी त्योहारों और मेलों को देखते हुए रात्रि गश्त बढ़ाने, पुलिस की सक्रियता बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश भी दिए गए।
अंत में CO महोदय ने सभी पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ मधुर और शालीन व्यवहार करने तथा पीड़ितों की समस्याओं को प्राथमिकता पर सुनकर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के दिशानिर्देश दिये।

