लालढांग क्षेत्र की लाहड़पुर ग्राम पंचायत के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर शुक्रवार को सेवा संकल्प अभियान और राष्ट्रीय पोषण माह के तहत ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम से पूर्व आंगनबाड़ी केंद्रों को आकर्षक रंगोलियों, फूलों, फलों और हरी सब्जियों से सजाकर पोषण चौपाल का रूप दिया गया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समुदाय को आंगनबाड़ी केंद्रों से जोड़ना और बच्चों व महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष विक्रम चौहान ने कहा कि यह कार्यक्रम सेवा संकल्प अभियान के तहत मनाया जा रहा है। केंद्र व प्रदेश सरकार का एक ही लक्ष्य है कि अंतिम पंक्ति में खड़ी माता और बच्चे तक हर सुविधा पहुंचे। उन्होंने कहाआंगनबाड़ी हमारी ग्रामीण व्यवस्था की रीढ़ है। जिस तरह आंगन के बिना घर अधूरा है, उसी तरह आंगनबाड़ी और आशा बहन के बिना गांव का विकास अधूरा है। आप लोग जैसे अभी मिलजुल कर काम कर रही हैं, वैसे ही आगे भी बच्चों के भविष्य के लिए काम करती रहें। स्वस्थ बच्चा ही स्वस्थ पंचायत और स्वस्थ देश बनाता है।”
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
बाल विकास विभाग, बहादराबाद द्वितीय की सुपरवाइजर कुसुम लता ने विभाग द्वारा संचालित जनहित योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर महालक्ष्मी किट की लाभार्थियों को किट वितरित की गई, साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा उपस्थित महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। बच्चों एवं लाभार्थियों को पौष्टिक आहार के महत्व, स्वच्छता और स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष रविंद्र सैनी, भाजपा नेता वीरेंद्र पोखरियाल, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुशील सैनी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुमन, भागेश्वरी, सुषमा, गीता, आशा कार्यकर्ता पूजा कलूड़ा, ग्राम पंचायत सदस्य अर्जुन सैनी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और ग्रामीण मौजूद रहे।
लाहडपुर पंचायत की आंगनबाड़ी केन्द्रो में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया
`
`





