*गिरिजाशंकर जोशी की स्मृति में हल्द्वानी मीडिया सेंटर का नामकरण करने की मांग*
*एनयूजे उत्तराखण्ड ने मुख्यमंत्री को भेजा मांग पत्र, नामकरण संभव न होने पर उनके नाम से राज्यस्तरीय पत्रकारिता एवं जनसंपर्क सम्मान शुरू करने का आग्रह*
देहरादून/हरिद्वार/नैनीताल। नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी रहे स्वर्गीय गिरिजाशंकर जोशी की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने की मांग को लेकर नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे उत्तराखण्ड) ने मुख्यमंत्री को मांग पत्र भेजा है। संगठन ने हल्द्वानी में निर्माणाधीन मीडिया सेंटर का नाम स्वर्गीय गिरिजाशंकर जोशी के नाम पर रखने की मांग की है। साथ ही, यदि किसी कारणवश मीडिया सेंटर का नामकरण संभव नहीं हो तो उनके नाम से राज्यस्तरीय पत्रकारिता एवं जनसंपर्क सम्मान शुरू किए जाने का आग्रह किया गया है।
नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे उत्तराखण्ड)की प्रदेश अध्यक्ष दया जोशी और संरक्षक त्रिलोक चन्द्र भट्ट की ओर से मुख्यमंत्री को भेजे गए मांग पत्र में कहा गया है कि गिरिजाशंकर जोशी का आकस्मिक निधन सूचना विभाग के साथ-साथ संपूर्ण पत्रकारिता जगत, जनसंपर्क व्यवस्था और प्रशासनिक तंत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।
संगठन ने कहा कि स्वर्गीय गिरिजाशंकर जोशी केवल एक अधिकारी नहीं, बल्कि कर्तव्यनिष्ठा, सरलता, संवेदनशीलता और जनसेवा की मिसाल थे। नैनीताल जनपद की सूचनाओं को पारदर्शिता, तत्परता और विश्वसनीयता के साथ आम जनता तक पहुंचाने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विषम परिस्थितियों में भी उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ किया।
मांग पत्र में कहा गया कि जोशी का व्यक्तित्व बेहद सौम्य, सरल, सहज और आत्मीय था। पत्रकारों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों के साथ उनका व्यवहार हमेशा सम्मानपूर्ण और सहयोगात्मक रहा। सूचना विभाग और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।
एनयूजे उत्तराखण्ड के अनुसार, पत्रकारिता जगत के साथ स्वर्गीय जोशी का आत्मीय एवं उत्कृष्ट समन्वय लंबे समय तक याद किया जाएगा। वे पत्रकारों के लिए केवल विभागीय अधिकारी नहीं, बल्कि सहयोगी, मार्गदर्शक और मित्र के रूप में सदैव उपलब्ध रहते थे। उन्होंने सरकार और जनता के बीच सूचना के माध्यम से मजबूत सेतु की भूमिका निभाई।
संगठन ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि हल्द्वानी में निर्माणाधीन मीडिया सेंटर का नाम “स्वर्गीय गिरिजाशंकर जोशी मीडिया सेंटर, हल्द्वानी” रखा जाए। संगठन का कहना है कि इससे उनकी स्मृतियां हमेशा जीवंत रहेंगी और आने वाली पीढ़ियों को उनके कार्य एवं व्यक्तित्व से प्रेरणा मिलेगी।
वैकल्पिक रूप से एनयूजे उत्तराखण्ड ने “स्वर्गीय गिरिजाशंकर जोशी राज्य स्तरीय पत्रकारिता एवं जनसंपर्क सम्मान” शुरू करने की मांग की है। यह सम्मान प्रत्येक वर्ष पत्रकारिता, सूचना एवं जनसंपर्क के क्षेत्र में उत्कृष्ट, निष्पक्ष एवं जनहितकारी कार्य करने वाले व्यक्ति को प्रदान किए जाने का सुझाव दिया गया है।
एनयूजे उत्तराखण्ड ने उम्मीद जताई है कि राज्य सरकार स्वर्गीय गिरिजाशंकर जोशी की सेवाओं, कर्तव्यनिष्ठा और पत्रकारिता जगत के साथ उनके आत्मीय संबंधों को सम्मान देते हुए मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगी।

*गिरिजाशंकर जोशी की स्मृति में हल्द्वानी मीडिया सेंटर का नामकरण करने की मांग*

एनयूजे उत्तराखण्ड ने उम्मीद जताई है कि राज्य सरकार स्वर्गीय गिरिजाशंकर जोशी की सेवाओं, कर्तव्यनिष्ठा और पत्रकारिता जगत के साथ उनके आत्मीय संबंधों को सम्मान देते हुए मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगी।