अजगर ने बंदर को दबोचा, 15 फीट का अजगर देख मची चीख-पुकार
*लालढांग।* लालढांग क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। रविवार को दूधला दयालवाला के नौकी प्राइमरी स्कूल के पास आबादी क्षेत्र में घुसे करीब 15 फीट लंबे विशालकाय अजगर ने एक बंदर को अपना निवाला बना लिया। इस खौफनाक मंजर को देख पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर के समय अचानक झाड़ियों से निकले विशाल अजगर ने बंदर पर हमला कर उसे अपनी मजबूत पकड़ में जकड़ लिया। बंदर की दर्दनाक चीखें सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े। आंखों के सामने बंदर को अजगर के शिकंजे में देख ग्रामीणों के होश उड़ गए और अफरा-तफरी फैल गई।
आनन-फानन में ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। सूचना पर वन विभाग की रेस्क्यू टीम तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर बड़ी मशक्कत के बाद अजगर को काबू में किया टीम नेअजगर को बोरे में बंद कर सुरक्षित झिलमिल झील के घने जंगल में छोड़ दिया है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से आबादी क्षेत्र के आसपास गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों से सुरक्षा की मांग की है।
Must Read





