गैण्डीखाता ग्राम प्रधान ने की मांग: लालढांग में बने उप-तहसील, जनता को मिले स्थानीय स्तर पर राजस्व सेवाएं

लालढांग क्षेत्र में उप-तहसील भवन निर्माण की मांग, ग्राम प्रधान ने सचिव राजस्व को लिखा पत्र
लालढांग/ हरिद्वार।
हरिद्वार जनपद के लालढांग क्षेत्र में उप-तहसील भवन के निर्माण की मांग जोर पकड़ रही है। ग्राम पंचायत गैण्डीखाता की ग्राम प्रधान बिशमिल्ला ने उत्तराखंड सरकार के राजस्व विभाग के सचिव को पत्र लिखकर क्षेत्र में उप-तहसील भवन बनाए जाने की मांग की है।
ग्राम प्रधान ने पत्र में कहा कि लालढांग क्षेत्र भौगोलिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन आज भी यहां के नागरिकों को राजस्व से जुड़े कार्यों के लिए दूर दराज जाना पड़ता है। इससे आम नागरिकों, महिलाओं, वृद्धों और विद्यार्थियों को भारी परेशानी होती है। साथ ही समय और धन की भी बर्बादी होती है।
उन्होंने कहा कि यदि लालढांग में उप-तहसील भवन का निर्माण हो जाता है तो राजस्व सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। इससे प्रशासनिक व्यवस्था सुदृढ़ होगी और क्षेत्र का समग्र विकास होगा। ग्राम प्रधान के अनुसार भवन निर्माण के लिए क्षेत्र में पर्याप्त भूमि भी उपलब्ध है।
ग्राम प्रधान बिशमिल्ला ने सचिव से अनुरोध किया है कि जनहित में लालढांग क्षेत्र में उप-तहसील भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही की जाए।




