
लमगड़ा, अल्मोड़ा। राजकीय महाविद्यालय लमगड़ा, अल्मोड़ा में शनिवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में एक दिवसीय विशेष शिविर का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह, सत्यनिष्ठा की शपथ और नशा मुक्ति जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान से हुई। NSS के स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं ने परिसर, कक्षाओं, पुस्तकालय और खेल मैदान में फैले कचरे को एकत्र कर सफाई की। छात्रों ने “स्वच्छ परिसर – स्वस्थ जीवन” का नारा देते हुए सभी को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
बौद्धिक सत्र और राष्ट्रीय एकता का संदेश*

बौद्धिक सत्र का संचालन NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनीता बिष्ट ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “आज का दिन राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री और गृहमंत्री, भारत के बिस्मार्क कहे जाने वाले सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के रूप में मनाया जाता है। सन 1947 में आजादी के बाद 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत का निर्माण करने का जो ऐतिहासिक कार्य सरदार पटेल ने किया, वह युगों-युगों तक याद रखा जाएगा।”उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे जाति, धर्म और क्षेत्र से ऊपर उठकर राष्ट्र की एकता के लिए कार्य करें।

इसअवसरपर ‘राष्ट्रीय एकता में सरदार पटेल की भूमिका’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
पुरस्कार वितरण समारोह में प्राचार्य प्रो. एच. एस. नयाल ने विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा, “सरदार पटेल ने हमेशा व्यक्ति से बड़ा राष्ट्र को माना। उनका जीवन हमें सिखाता है कि विविधता में ही हमारी एकता है। आज के युवा को सरदार पटेल के त्याग, निष्ठा और राष्ट्रवाद से सीख लेकर समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझना होगा।”
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को राष्ट्रीय एकता की शपथ (सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा) दिलाई गई और महाविद्यालय से बाजार तक नशा मुक्ति रैली निकालकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर डॉ. नरेश गंगवार, डॉ. रोहित कांडपाल, डॉ. सचिन रस्तोगी, डॉ. सिद्धार्थ गौतम, कार्यालय अधीक्षक सुशील कुमार, अर्जुन बगड़वाल, ललित परिहार, हेम कुमार, विक्रम सिंह, दीपक कुमार सहित NSS के स्वयंसेवी पिंकी, रश्मि बिष्ट, शांति बिष्ट, किरण, विनीता बोरा, प्रियंका, उर्मिला, नेहा नेगी, गीतिका बिष्ट, रजनी, तनु, प्रिया, गौरव, नीरज, योगेश, रितेश आर्य, अंजलि, सुमन, लता, रोशनी, कविता, अभिषेक, सूरज, मोनी, सतीश, मोहित, महिमा, दीपाली, भावना शर्मा, आरती, दीक्षा, सुषमा आदि उपस्थित रहे।

