मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की मजबूती का आधार : राजेंद्र भंडारी
कोटद्वार
कोटद्वार मेंआज जिला एवं महानगर कांग्रेस कार्यालय, एसआईआर (Special Intensive Revision) के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री (संगठन) राजेंद्र भंडारी ने कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने मतदान के अधिकार के प्रति सजग रहे तथा अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जांचे। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में नहीं है तो उसे जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी करें तथा अपने क्षेत्र, गांव एवं बूथ में मौजूद गलत अथवा अपात्र नामों को चिन्हित कर नियमानुसार हटवाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की निष्पक्षता एवं मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी, कोटद्वार के अध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता केवल चुनाव आयोग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक जागरूक नागरिक और कांग्रेस कार्यकर्ता का भी दायित्व है। उन्होंने सभी ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटियों से अपील की कि वे अपने-अपने बूथों पर विशेष अभियान चलाकर प्रत्येक मतदाता का नाम सत्यापित करें, पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाएं तथा गलत प्रविष्टियों को चिन्हित कर नियमानुसार हटवाने में सहयोग करें।
विकास नेगी ने कहा, “एक भी पात्र मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे और एक भी अपात्र नाम मतदाता सूची में न रहे, यही इस अभियान का उद्देश्य है। कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए इस अभियान में पूरी सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करेगी।”
बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष चंद्रमोहन खरकवाल , महानगर अध्यक्ष सैनिक प्रकोष्ठ बृजपाल सिंह , कांग्रेस नेता राजीव कपूर, ब्रिजमोहन नेगी सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Must Read




