
लालढांग में जिला पंचायत ने चलाया स्वच्छता अभियान
लालढांग। जिला पंचायत हरिद्वार के सौजन्य से मंगलवार को लालढांग बाजार में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत बाजार की मुख्य सड़क व आसपास की गलियों में सफाई की गई।
हरिद्वार से पहुंची जिला पंचायत की सफाई टीम ने बाजार में फैली गंदगी, कूड़ा-करकट और प्रतिबंधित पॉलीथिन को एकत्र कर उसका निस्तारण किया। टीम ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया तथा पॉलीथिन का उपयोग न करने की अपील की।
जिला पंचायत सदस्य बृजमोहन पोखरियाल ने कहा कि देहात बाजार के सभी दुकानदार नियमित रूप से जिला पंचायत को टैक्स अदा करते हैं। ऐसे में विभाग का दायित्व बनता है कि उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसी कड़ी में आज बाजार में सफाई अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि आगे भी नियमित रूप से बाजार में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखी जाएगी।उन्होंने दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठानों के सामने डस्टबिन रखने और कूड़ा सड़क पर न फेंकने की अपील की। अभियान के दौरान स्थानीय व्यापारियों ने भी सहयोग किया।इस दौरान सफाई नायक सहित अन्य सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।

