जीडीसी लमगड़ा में तीन पदों पर निर्विरोध निर्वाचन, प्राचार्य ने दिलाई शपथ
लमगड़ा (अल्मोड़ा)। राजकीय महाविद्यालय लमगड़ा में छात्रसंघ निर्वाचन 2026-27 के अंतर्गत मंगलवार को तीन पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
महाविद्यालय प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार उपाध्यक्ष छात्रा, कोषाध्यक्ष एवं संकाय प्रतिनिधि के पद पर एकमात्र नामांकन होने के कारण चुनाव की आवश्यकता नहीं पड़ी।
जिसमें उपाध्यक्ष छात्रा पद पर *बबीता पुत्री श्री नारायण सिंह (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर)*, कोषाध्यक्ष पद पर *हिमानी पाण्डे पुत्री श्री दिनेश चन्द्र (बी.ए. प्रथम सेमेस्टर)* और संकाय प्रतिनिधि पद पर *सूरज कुमार पुत्र श्री जीवन राम (बी.ए. प्रथम सेमेस्टर)* को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को महाविद्यालय के प्राचार्य *प्रो. एच.सी.एस. नयाल* ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर प्राचार्य ने सभी पदाधिकारियों से छात्रसंघ संविधान के अनुरूप कार्य करने, सभी छात्र-छात्राओं के साथ समन्वय बनाए रखने और निर्धारित ड्रेस में उपस्थित रहने का आह्वान किया।
छात्रसंघ प्रभारी *डॉ. नरेश कुमार गंगवार* ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि वे शासन द्वारा संचालित छात्र हित की विभिन्न योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाएं ताकि छात्र लाभान्वित हो सकें। साथ ही संविधान के अनुसार शहर में जुलूस न निकालने के निर्देश का सभी ने पालन किया।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रो. रोहित कुमार काण्डपाल, प्रो. सचिन रस्तोगी, प्रो. सिद्धार्थ कुमार गौतम, डॉ. सुनीता बिष्ट, धर्मेन्द्र सिंह नेगी, सुशील कुमार, अर्जुन सिंह बगडवाल, ललित सिंह, हेम प्रकाश आर्या, दीपक कुमार सहित मोनी पाण्डे, लता चौहान, मोहित बिष्ट, भावना नैनवाल, आशा बिष्ट, मीनाक्षी बिष्ट, गरिमा बिष्ट, ममता बगडवाल, सीमा आर्या, ललिता नयाल आदि छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
