बिशमिल्ला व मौ. सफी लोधा ने क्रिकेटर शाहनवाज को किया सम्मानित।
गैंडीखाता। ग्राम पंचायत गैंडीखाता के ग्राम तापड़ोवाली निवासी शाहनवाज चोपड़ा का उत्तराखंड की अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। शहीद मनोज सिंह चौहान राजकीय इंटर कॉलेज, गैंडीखाता के छात्र शाहनवाज 9 नवंबर 2026 को मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए रवाना होंगे।
शाहनवाज ने सफलता का श्रेय व्यायाम शिक्षक अजय शर्मा और शिक्षक प्रकाश चंद देवरानी के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने बताया कि घर वन क्षेत्र में होने से जंगली जानवरों का भय रहता था, कई बार सामना भी हुआ, लेकिन हिम्मत नहीं हारी।
परिवार में पिता इमामत चोपड़ा और माता आसमा ने हर कदम पर साथ दिया। वन गुर्जर समुदाय से आने वाले शाहनवाज की उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
चयन पर ग्राम प्रधान बिशमिल्ला एवं भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश मीडिया सह संयोजक मौ. सफी लोधा ने उन्हें बधाई देकर सम्मानित किया और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
बिशमिल्ला व मौ. सफी लोधा ने क्रिकेटर शाहनवाज को किया सम्मानित।
`
`





