

ढंढियानवाला गांव में महिला किसान दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते ग्राम प्रधान कमलेश द्विवेदी
लालढांग। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद एवं केंद्रीय गोवंश अनुसंधान संस्थान मेरठ के वैज्ञानिकों द्वारा ग्राम पंचायत रसूलपुर मीठीबेरी के ढंढियानवाला गांव में अंतरराष्ट्रीय महिला किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में डॉ. नरेश कुमार ने पशुओं की देखरेख, रखरखाव और उपचार के संबंध में जानकारी दी। डॉ. रूपाली रौतेला ने महिलाओं को स्वच्छता, स्वयं के स्वास्थ्य का ध्यान रखने और पशुओं में गर्भाधान की समस्याओं के समाधान के बारे में बताया। वहीं सोनम द्विवेदी ने महिलाओं की व्यक्तिगत समस्याओं और सामाजिक रूढ़ियों को दरकिनार कर समाधान पर जोर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान कमलेश द्विवेदी ने कहा कि क्षेत्र में कृषि कार्यों में महिलाओं की अहम भूमिका है। केवल नाम पर जमीन होने से ही महिला किसान नहीं होती, बल्कि जो भी महिलाएं कृषि कार्यों में सहयोग करती हैं, वे सभी महिला किसान हैं। उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा 2026 को महिला किसान वर्ष घोषित किया गया है और सभी महिलाओं को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में महिलाओं को पशुओं के लिए बाल्टी, मिनरल मिक्सर और दवाइयां वितरित की गईं।
इस अवसर पर संस्थान से नवीन यादव, छोटी देवी, वैजयंती देवी, यशोदा देवी, देवकी देवी, पुष्पा देवी, सुमित्रा देवी, खेमिया देवी, फूलमती देवी, महावीर सिंह, सोहन सिंह, अरविंद सिंह, राजकुमार सिंह सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
