लाहडपुर गांव को जाने वाली सड़क जर्जर, ग्रामीणों ने डामरीकरण की मांग उठायी।
लालढांग/हरिद्वार
हाईवे से लाहडपुर गांव को जाने वाली सड़क की जर्जर हालत के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग से आवागमन करने में ग्रामीणों को कठिनाइयों से जूझना पड़ रहा है।
ग्रामीण प्रीतम सैनी, राहुल सैनी, अर्जुन सैनी आदि का कहना है कि वर्षों से लाहडपुर के ग्रामीणों द्वारा जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ विभिन्न विभागों के अधिकारियों से सड़क के डामरीकरण की मांग की जा रही है, लेकिन इस सड़क की सुध लेने वाला कोई नहीं है।
हाल ही में ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से श्रमदान कर सड़क पर बालू-रेत डालकर सड़क को ठीक करने का प्रयास किया था, लेकिन बारिश के कारण डाली गई रेत-बालू जम्पों (गड्ढों) में तब्दील हो गई। जिससे बाइक, कार आदि वाहनों को इस जर्जर सड़क से आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने वन विभाग एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से इस जर्जर सड़क की सुध लेने की मांग की है।

