मीठीबेरी महाविद्यालय में ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम हुआ आयोजित
मीठीबेरी/हरिद्वार। राजकीय मॉडल महाविद्यालय मीठीबेरी में विकसित भारत @2047 के लक्ष्य हेतु सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर अर्चना गौतम ने मां शारदा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित करके किया।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. निवेदिता प्रियदर्शिनी ने विकसित भारत @2047 के बारे में छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। इसके बाद राजनीति विज्ञान के प्राध्यापक डॉ. कुलदीप चौधरी ने उत्तराखंड राज्य में केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी और विद्यार्थियों के साथ विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कु. कामिनी, द्वितीय स्थान कु. चित्रा सैनी और तृतीय स्थान कु. रीना ने प्राप्त किया। प्राचार्य द्वारा तीनों को पुरस्कार प्रदान किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाली मेधावी छात्राओं कु. जाहनवी, कु. कशिश एवं कु. अंजुम को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक प्रोफेसर सतेंद्र कुमार, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. बी.आर. भद्री, डॉ. विनोद उनियाल एवं शैक्षणिक कर्मचारियों में श्री शशिधर, श्रीमती पूनम, श्री सूरज, श्री कुलदीप आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. बी.आर. भद्री द्वारा किया गया।